बिजली विभाग की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश-नियमित आपूर्ति की मांग
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल।उनियारा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चौरु मुख्यालय में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती से आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उमस भरी भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के मौलवी नगर स्थित सरपंच निवास के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में लगातार ट्रिपिंग होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।स्थिति यह है कि बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है। बीती रात भी कई बार बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों की नींद खराब हो गई। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए कई परिवारों को रात छतों और आंगनों में बितानी पड़ी, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी। ग्रामीण ललित, विकास कुमार, धनराज, मनराज नागर, सिकंदर, संतोष, मंजू, हेमराज, कजोड़, बाबूलाल माली, मुकेश सैनी, धनराज चौधरी, मदन नायक और तुलसीराम सहित अन्य लोगों ने बताया कि बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण टीवी, फ्रिज, कूलर और पंखों जैसे विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।उनका आरोप है कि कई बार स्थानीय स्तर पर चंदा एकत्र कर निजी इलेक्ट्रिशियन से तार जुड़वाकर अस्थायी समाधान करना पड़ता है, जबकि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जानकारी के अनुसार लगातार बिजली कटौती के कारण कई लोगों के इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बुजुर्ग और मरीज रातभर बेचैन रहने को मजबूर हैं। देर रात तक कई मोहल्लों में लोग घरों के बाहर बैठे नजर आए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लंबे समय से चरमराई हुई है, लेकिन विभाग की ओर से स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत लाइनों की तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
