ब्यावर में मोहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट: संवेदनशील इलाकों में रहेगी विशेष नजर, कलेक्टर ने की भाईचारे की अपील

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।मोहर्रम (ताजिया) पर्व के मद्देनजर ब्यावर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिले में कानून, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने सभी उपखण्ड मजिस्ट्रेटों (SDMs) और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।प्रशासनिक आदेश के अनुसार, 25 जून की रात्रि से 26 जून 2026 की रात्रि तक मोहर्रम का पर्व मनाया जाएगा और इस दौरान जिले के विभिन्न मार्गों से पारंपरिक ताजियों के जुलूस निकाले जाएंगे। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।

शांति समितियों की बैठक और पुलिस की पैनी नजर
जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें। हर उपखण्ड में ‘शांति समिति’ की बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

वहीं, पुलिस विभाग को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त जाब्ता (पुलिस बल) तैनात करने तथा असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली, पानी और चिकित्सा व्यवस्थाएं रहेंगी दुरुस्त
जुलूस के रास्तों पर आमजन को कोई असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:

यातायात व सफाई: जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

पेयजल व बिजली: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को शुद्ध पेयजल और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य सेवाएं: चिकित्सा विभाग को अलर्ट पर रखते हुए आवश्यक दवाइयों, मेडिकल टीमों और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर न डालें भ्रामक पोस्ट: जिला कलक्टर
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने ब्यावर जिले की सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की गौरवशाली परंपरा का जिक्र करते हुए सभी जिलावासियों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने दो टूक कहा है कि लोग सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सामग्री साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।