आरएफसी की योजनाओं में बढ़ा भरोसा, 5.50% ब्याज पर 2 करोड़ तक ऋण की जानकारी दी
किशनगढ़. स्मार्ट हलचल।उद्योग लगाने का सपना देख रहे उद्यमियों के लिए गुरुवार को आयोजित मेगा उद्योग प्रोत्साहन शिविर उम्मीदों का बड़ा मंच साबित हुआ। राजस्थान वित्त निगम (आरएफसी) की ओर से रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित मार्बल एसोसिएशन भवन में आयोजित शिविर में उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न योजनाओं में रुचि दिखाई। शिविर के दौरान करीब 8 करोड़ रुपए के ऋण आवेदन प्राप्त हुए।
आरएफसी अधिकारियों ने बताया कि निगम की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही मौके पर ही ऋण प्रस्ताव तैयार करने और आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने की व्यवस्था की गई थी। उद्योग, होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल, कमर्शियल व रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न सेवा क्षेत्रों में निवेश करने के इच्छुक लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
युवा उद्यमियों को विशेष राहत
शिविर में बताया गया कि युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र उद्यमियों को मात्र 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर 2 करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह योजना युवाओं को स्वरोजगार और नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
जयपुर मुख्यालय से पहुंचे कार्यकारी निदेशक डॉ. हरसहाय मीणा (आईएफएस) ने कहा कि राजस्थान वित्त निगम राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है।
उन्होंने निगम द्वारा एनपीए में कमी लाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उद्यमियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि औद्योगिक निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बढ़ते विश्वास का संकेत
शिविर में प्राप्त 800 लाख रुपए (8 करोड़ रुपए) के ऋण आवेदन इस बात का संकेत हैं कि क्षेत्र के उद्यमियों का राजस्थान वित्त निगम की योजनाओं पर भरोसा बढ़ रहा है। अधिकारियों ने इसे किशनगढ़ और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की बढ़ती संभावनाओं का सकारात्मक संकेत बताया।
