ढिकोला शिविर में दोबारा शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, बैंक के बाहर 11 केवी लाइन और ट्रांसफार्मर से हादसे का खतरा

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा में उपतहसील मुख्यालय ढिकोला स्थित राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के बाहर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर प्रशासनिक शिविर में दोबारा मौखिक शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला सचिव एवं जनसेवक राजू जाट ने बताया कि बैंक परिसर के समीप घनी आबादी वाले क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। यहां सुरक्षा मानकों के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से आमजन की जान जोखिम में बनी हुई है। ट्रांसफार्मर पर सुरक्षा कवच का अभाव है तथा कई स्थानों पर विद्युत तार खुले होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि ढिकोला उपतहसील मुख्यालय के अंतर्गत लगभग 12 से 15 ग्राम पंचायतें तथा 8 से 10 पटवार मंडल आते हैं। क्षेत्र का प्रमुख बैंक होने के कारण प्रतिदिन करीब 1000 से 2000 लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में बैंक के बाहर असुरक्षित विद्युत व्यवस्था किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
राजू जाट ने कहा कि राजस्थान विद्युत अधिनियम एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार घनी आबादी वाले क्षेत्रों में उच्च वोल्टेज विद्युत लाइनों के संचालन में विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए, लेकिन संबंधित विभाग इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। कई बार शिकायतें किए जाने और शिविर में दोबारा मौखिक रूप से समस्या उठाने के बावजूद अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही दिया गया है।
वर्तमान में बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में खुले तारों और असुरक्षित ट्रांसफार्मर के कारण किसी भी समय जनहानि होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं तथा समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना घटित होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।