मोदी सरकार में फेरबदल की चर्चा के बीच मंत्रियों के बदलावों की एक संभावित लिस्ट सामने

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन में अगले कुछ दिनों में बड़े स्तर पर फेरबदल हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार में मंत्रिमंडल के विस्तार और संगठनात्मक बदलाव दोनों पर गंभीरता से मंथन चल रहा है. इस कवायद में कुछ नए चेहरों को सरकार में जगह मिल सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं.

सूत्रों के अनुसार, हाल के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद एनडीए का कुनबा मजबूत हुआ है. ऐसे में सहयोगी दलों और हाल में एनडीए के साथ आए नेताओं को भी सरकार में प्रतिनिधित्व देने की तैयारी की जा रही है. इसी क्रम में महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से कुछ अहम नेताओं के नाम चर्चा में हैं.

टीएमसी के एक बागी को कैबिनेट में जगह

सूत्रों का कहना है कि शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट रैंक के साथ शामिल किया जा सकता है. वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए सांसदों में काकोली घोष, सुदीप बंदोपाध्याय और शताब्दी राय के नामों पर भी विचार चल रहा है. इनमें से किसी एक को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है.

कैबिनेट में शामिल होने वाले संभावित मंत्रियों के नाम

मोदी कैबिनेट में फेरबदल के बाद जिन नए नामों को शामिल किए जाने की चर्चा है, वे हैं-

  1. शक्तिकांता दास- प्रधानमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी और पूर्व आरबीआई गवर्नर। संभावित है कि ये मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल हो सकते हैं और वित्त मंत्रालय का जिम्मा संभाल सकते हैं।
  2. श्रीकांत शिंदे (शिवसेना)- इन्हें भी कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों को एनडीए में लाने का इनाम मिल सकता है।
  3. अनुराग ठाकुर (हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद)- फिर से कैबिनेट में वापसी संभावित है।
  4. अरुण गोविल (मेरठ से बीजेपी सांसद)- दूरदर्शन के ‘प्रभु राम’ को भी मंत्री के रूप में सत्ता का सुख मिल सकता है।
  5. अयोध्या में राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बीच गोविल की एंट्री के खास मायने हो सकते हैं।
  6. राघव चड्ढा या अशोक मित्तल (आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए)- इन दोनों से किसी एक की लॉटरी लग सकती है।
  7. नीतीश कुमार (बिहार के पूर्व सीएम)- जेडीयू चीफ को भी पीएम मोदी अपनी कैबिनेट में ले सकते हैं।
  8. संजय दीना पाटिल (6 सांसदों के साथ शिवसेना-यूबीटी से निकलने वाले)- मंत्री बनाए जा सकते हैं।
  9. विष्णुदत्त शर्मा (खजुराहो से बीजेपी एमपी)- इन्हें भी मोदी सरकार में जगह दी जा सकती है।
  10. तरुण चुग- बीजेपी के वरिष्ठ नेता और आरएसएस के स्ट्रॉन्गमैन को भी इस बार सत्ता का स्वाद चखने का अवसर दिया जा सकता है। अभी तक इन्होंने संगठन की जिम्मेदारी बखूबी संभाली है।
  11. जनार्दन सिंह सिग्रीवाल (बिहार के महाराजगंज से बीजेपी एमपी)- इनके भी सरकार में शामिल किए जाने की संभावना है।

कैबिनेट मंत्री जिनका बदल सकता है मंत्रालय

  1. निर्मला सीतारमण- वित्त मंत्रालय से शिक्षा मंत्रालय में भेजे जाने की संभावना है।
  2. मनोहर लाल खट्टर- ऊर्जा मंत्रालय का पदभार वापस लिया जा सकता है। किसी नए मंत्री को दी जा सकती है यह जिम्मेदारी। हालांकि, शहरी विकास मंत्रालय उनके पास बना रह सकता है।

मोदी सरकार के मंत्री, जिनकी हो सकती है छुट्टी

  1. धर्मेंद्र प्रधान- शिक्षा मंत्री। जिन मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है, उनमें सबसे चर्चित नाम हैं।
  2. हरदीप सिंह पुरी- पेट्रोलियम मंत्री के भी कैबिनेट से बाहर होने की अटकलें हैं।
  3. रवनीत सिंह बिट्टू- अभी रेलवे और फूड प्रोसेसिंग मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं। लेकिन, राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने को है और ऊपरी सदन में एंट्री नहीं मिली है, इससे लगता है कि इन्हें भी कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
  4. इनके अलावा करीब आधे दर्जन राज्यमंत्री हैं, जिन्हें सरकार से हटाए जाने की चर्चा है।