1 जुलाई से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और वित्तीय मामलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर गैस सिलेंडर की कीमत, आधार अपडेट, रेलवे जुर्माना, क्रेडिट कार्ड सुविधाओं और टैक्स से जुड़े कामों पर पड़ेगा। 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने वाला है।
ITR भरने की आखिरी तारीख
वित्त वर्ष 2025-26 (31 मार्च 2026 को समाप्त) के लिए आयकर रिटर्न (ITR) भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है।
जिन लोगों की आय वेतन, घर की संपत्ति, पूंजीगत लाभ (Capital Gains) या अन्य गैर-व्यावसायिक स्रोतों से होती है और जिनके खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है, उन्हें ITR-1 या ITR-2 फॉर्म भरना होगा।
TDS जमा करने की अंतिम तिथि
अगर किसी करदाता को आयकर विभाग के असेसिंग ऑफिसर से तिमाही आधार पर TDS जमा करने की अनुमति मिली है, तो अप्रैल-जून तिमाही का TDS जमा करने की आखिरी तारीख 7 जुलाई होगी।
रेलवे के नियम होंगे सख्त
- 1 जुलाई से भारतीय रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्ती बढ़ाने जा रहा है।
- बिना वैध टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया जाएगा।
- महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बे में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों पर 2,500 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है।
- किसी दूसरे व्यक्ति के टिकट पर यात्रा करने पर भी अधिक जुर्माना देना पड़ सकता है।
- जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में यात्रा करने वालों पर भी पहले से ज्यादा सख्त कार्रवाई होगी।
इसके अलावा बिना अनुमति सामान बेचने, ट्रेन में भीख मांगने, शराब के नशे में हंगामा करने, अभद्र व्यवहार, रेलवे परिसर में अवैध प्रवेश और खतरनाक सामान गलत तरीके से ले जाने पर भी अधिक जुर्माना लगाया जाएगा।
