लूटपाट भी और मरहम-पट्टी भी: अमरतिया में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटा, सिर फोड़ने के बाद बदमाशों ने खुद दी दर्द की दवा

लाडपुरा-मांडलगढ़ | सनसनीखेज वारदात | अनोखी लूट 2026

लूटपाट भी और मरहम-पट्टी भी: अमरतिया में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटा, सिर फोड़ने के बाद बदमाशों ने खुद दी दर्द की दवा

सोपुरा मार्ग पर खेत के मकान में देर रात अज्ञात बदमाशों का धावा; कुंडल, पायजेब और रामनामी लूटी, घायल बुजुर्ग को पानी पिलाकर बांधी पट्टी
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: शिव जांगिड

लाडपुरा/अमरतिया, 26 जून 2026। लाडपुरा क्षेत्र के अमरतिया गांव में गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक किसान के मकान में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मकान मालिक पर लकड़ी से हमला कर घायल कर दिया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान बदमाशों ने घायल को दर्द की गोली दी, पानी पिलाया और उसके सिर पर मरहम-पट्टी भी की। इस अनोखी वारदात से इलाके के लोग हैरान हैं।

लूटपाट के बीच बदमाशों की ‘इंसानियत’ का अजीब ड्रामा:

जानकारी के अनुसार सोपुरा मार्ग स्थित खेत पर बने शांतिलाल शर्मा के मकान में देर रात बदमाश घुस आए। आहट होने पर शर्मा के जागने पर बदमाशों ने लकड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया। बदमाशों ने शर्मा की पत्नी के कानों के टॉप्स, पायजेब और गले में पहनी रामनामी उतरवा ली। वहीं शर्मा की जेब से 200 रुपए भी निकाल लिए। इस दौरान जब शर्मा के सिर से खून बहने लगा, तो बदमाशों ने उन्हें पानी पिलाया, दर्द की दवा दी और सिर पर बकायदा पट्टी भी बांधी। बाद में मोबाइल को कुछ दूरी पर खेत में फेंककर फरार हो गए।

इलाके में दहशत, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ मौका:
इस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार और पूरा गांव भयंकर दहशत में है। सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाना से एएसआई रामलाल एवं लाडपुरा चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि गत दिनों 19 जून को भी पास ही के श्यामगढ़ गांव में बदमाशों ने इसी तरह मारपीट कर रामनामी लूट ली थी। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।