थाना भवानीमंडी क्षेत्र में रेल्वे स्टेशन भवानीमंडी से बाबा चौराहा पचपहाड़ तक 27 जून को 4 पीएम से 5 पीएम तक आदर्श ट्रैफिक जोन
रणवीर सिंह चौहान
स्मार्ट हलचल/भवानी मंडी पुलिस ने दुर्घटनाएं रोकने और मृत्यु दर को कम करने के लिए एक आदर्श अभिनव पहल करते हुए 27 जुन को सायंकाल चार से पांच बजे तक स्टेशन चौराहे से बाबा चौराहे को आदर्श ट्रैफिक जोन घोषित किया है जिसमें ट्रैफिक के नियमों की शपथ प्रतिशत पालन करवाई जाएगी
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आई.पी.एस. ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मृत्यु की घटनाएं अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में यातायात नियमों की सख्त पालना सुनिश्चित करने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा वृत्ताधिकारी वृत्त भवानीमंडी सत्यनारायण गोदारा के निकटतम सुपरविजन में थाना भवानीमंडी क्षेत्र में आज दिनांक 27 जून को समय 4 पीएम से 5 पीएम तक रेल्वे स्टेशन से बाबा चौराहा पचपहाड़ तक के मार्ग को *आदर्श ट्रैफिक जोन* घोषित किया गया है।
*आदर्श ट्रैफिक जोन के निर्धारित एक घंटे की अवधि में कार्यवाही–*
1. सभी वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करवाई जाएगी।
2. बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट व मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, नो पार्किंग में वाहन खड़े करना, तेज गति से वाहन चलाना, वाहन में क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाना एवं अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के नियमों के तहत कार्यवाही की जायेगी।
3. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी उल्लंघनकर्ता कार्यवाही से वंचित न रहे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्यवाही करना नहीं, बल्कि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
थानाधिकारी भवानीमंडी द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करते हुए इस अभियान को सफल बनाएं तथा स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें, एवं इस पहल में सहयोग करने एवं व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया है।
*”सुरक्षित यातायात – सुरक्षित जीवन”*
झालावाड़ पुलिस का यह प्रयास समाज में अनुशासन, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ कर एक सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
