जापान में रविवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए

जापान में रविवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार उत्तर-पूर्वी जापान में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। इस इलाके में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। हालांकि, इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई। फिलहाल इस भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। टाइफून के मौसम में लगातार भूकंप आने से दूसरी परेशानी खड़ी हो रही है। इन भूकंपों ने मडस्लाइड की चिंता बढ़ा दी है।

लेकिन मौसम विभाग ने अगले सप्ताह और भी तेज आफ्टरशॉक्स की आशंका जताते हुए निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

जापान मौसम विभाग के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह करीब 7:25 बजे भूकंप आया। इसका केंद्र समुद्र तट से 40 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

जापान के 7-पॉइंट स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5 थी। हाचिनोहे शहर समेत आओमोरी प्रांत के कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। वहीं इसके आसपास के इलाकों में भी धरती हिली।

बता दें कि जापान में यह भूकंप हाल ही में उत्तरी जापान में आए 7.2 तीव्रता वाले शक्तिशाली झटकों के बाद आया है। जिसके कारण यहां की मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह और भी महत्वपूर्ण भूकंप आ सकते हैं।