बिजौलिया/भीलवाड़ा, 28 जून 2026। स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सागर (IPS) के आदेशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी ब्लैक टाटा सफारी कार से 19 कट्टों में भरा कुल 355 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त कर 40 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस माल की कीमत करीब 53 लाख 25 हजार रुपये है।
लग्जरी सफारी से हो रही थी तस्करी, ऐसे बिछाया जाल:
एएसपी मुख्यालय पारस जैन व डीएसपी मांडलगढ़ योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पंड्या (पु.नि.) के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल राकेश (1735) की सटीक सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी की। संदिग्ध ब्लैक सफारी कार को रोककर तलाशी लेने पर उसके भीतर से 19 अलग-अलग कट्टों में छिपाकर रखा गया 355 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गाड़ी और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।
पकड़ा गया तस्कर दो जिलों का था वांटेड, घोषित था इनाम:
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान कपिल पुत्र भारमलराम जाति विश्नोई (उम्र 28 साल) निवासी कंवर जी का खेजड़ी, थाना ओसियां, जिला जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी कपिल विश्नोई पुलिस थाना गोटन (जिला नागौर) का 15,000 रुपये का इनामी तथा पुलिस थाना बेगूं (जिला चित्तौड़गढ़) का 25,000 रुपये का इनामी वांछित अपराधी है। आरोपी से नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली जांबाज पुलिस टीम:
इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पंड्या, एएसआई नरेश कुमार, डीएसटी कांस्टेबल राकेश (1735) मय टीम, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह (07), कांस्टेबल मनोज (1640), अनिल कुमार (2037), दलवीर (708) तथा रणजीत (1582) की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
