निंबाहेड़ा से हज 2027 का पहला आवेदन, हज खिदमत कमेटी ने दी मुबारकबाद

20 जुलाई तक निशुल्क भरे जाएंगे हज आवेदन फार्म, गादोला निवासी मोहम्मद अनीस गोरी ने किया पहला आवेदन

निंबाहेड़ा, 28 जून (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल।भारत सरकार द्वारा आयोजित पवित्र हज यात्रा 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में शनिवार को हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा के कार्यालय, सुभाष चौक सब्जी मंडी में नगर क्षेत्र का पहला हज आवेदन फार्म भरा गया।गादोला निवासी मोहम्मद अनीस गोरी ने हज यात्रा 2027 के लिए निंबाहेड़ा से पहला आवेदन प्रस्तुत किया। हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर उसकी प्रति उन्हें सौंपते हुए मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर हज खिदमत कमेटी के सरपरस्त हाजी जाहिद खान ने बताया कि हज यात्रा 2027 के लिए आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है तथा 20 जुलाई 2026 तक इच्छुक हज यात्रियों के आवेदन निशुल्क भरे जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।

कमेटी के सदर मतलूब अजमेरी ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और हर मुसलमान की दिली तमन्ना होती है कि उसे बैतुल्लाह शरीफ और रोज़ा-ए-रसूल की जियारत का सौभाग्य प्राप्त हो। हज खिदमत कमेटी द्वारा यात्रियों को आवेदन संबंधी हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस दौरान नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, सचिव हाजी अख्तर पटेल, हाजी कल्लू बा मंसूरी, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट, अनीस अहमद शेख तथा जमील खान (भाया बैट्री) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हज खिदमत कमेटी ने बताया कि हज यात्रा पर जाने के इच्छुक व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, जहां आवेदन प्रक्रिया एवं मार्गदर्शन की सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।