(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा/आसींद| स्मार्ट हलचल।राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आसींद में पोलियो बूथ का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर की गई।
बूथ प्रभारी नीतू एवं राजकुमारी टेलर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीतम गुप्ता ने बताया कि आसींद ब्लॉक के सभी पोलियो बूथों पर रविवार को बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। वहीं सोमवार और मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए।
उन्होंने कहा कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ अभियान चला रहा है और अभिभावकों से सहयोग की अपील की गई है।
