शराब पार्टी के दौरान चली गोली, युवक गंभीर घायल

शराब पार्टी के दौरान चली गोली, युवक गंभीर घायल
उम्मेद सागर बांध पर विवाद के बीच फायरिंग, आरोपी फरार; पुलिस की तलाश जारी

रिपोर्टर सुरज वर्मा
शाहपुरा, स्मार्ट हलचल। क्षेत्र के उम्मेद सागर बांध पर रविवार को शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बीच चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, उम्मेद सागर बांध पर कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने बंदूक से फायर कर दिया। गोली महेंद्र पुत्र महावीर कहार, निवासी गाडरी खेड़ा (शाहपुरा) के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने बीच-बचाव करते हुए आरोपी से बंदूक छीन ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फायरिंग के पीछे की वजह, हथियार किसका था और विवाद कैसे शुरू हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।