किशन वैष्णव
शाहपुरा|स्मार्ट हलचल।भीम उनियारा राष्ट्रीय राजमार्ग-148डी पर नई राज्यास के पास शनिवार को वेफर्स से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।हादसे में टेम्पो में सवार पिता और उनके दो पुत्रों को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों की तत्परता से तीनों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शी दिलखुश बावरी ने बताया कि गोपाल वेफर्स का टेम्पो शाहपुरा से गुलाबपुरा की ओर जा रहा था।नई राज्यास के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और टेम्पो सड़क पर ही पलट गया। हादसे में वाहन की बॉडी और आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।सड़क पर टेम्पो पलटने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।सूचना मिलते ही प्रशासक सत्यनारायण भील ने तत्काल जेसीबी मशीन मौके पर भिजवाई। जेसीबी की मदद से टेम्पो को सीधा कर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रशासक सत्यनारायण भील ने बताया कि टेम्पो चालक केकड़ी के नंदराय का निवासी है। फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल, सुरक्षा उपायों की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-148डी पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई। उनका कहना है कि शाहपुरा से गुलाबपुरा के बीच इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं के कारणों की गंभीरता से जांच कर इस ब्लैक स्पॉट की पहचान की जाए तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।वही अरवड़ से शाहपुर के बीच 1 माह में 3 हादसे हो गए..
