महुवा नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर के तहत पट्टे सहित अन्य कार्य से आमजन को हो रहा है लाभ

नीरज मीणा

महुवा। स्मार्ट हलचल/राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर–2026 अभियान के तहत नगर पालिका महुवा में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभियान अवधि 12 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक निर्धारित शिविर में लीज राशि में छूट, धारा 69-के, कृषि भूमि नियमन, लघु अवधि लीज/किराये पर दी गई संपत्तियों के फ्रीहोल्ड पट्टे तथा अन्य योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है।
नगरपालिका कार्यालय परिसर महुवा में आयोजित शिविर में वार्ड संख्या 1 से 35 तक के नागरिकों को सरकार द्वारा निर्धारित कार्यों को शिविर के माध्यम से कर लाभान्वित किया जा रहा है ।
प्राप्त जानकारी अनुसार 29 जून 2026 तक कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पट्टों के 128 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 57 का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, मृत्यु प्रमाण पत्र के 67 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी 67 का निस्तारण किया गया। फायर एनओसी के 8 आवेदन प्राप्त हुए और 8 का निस्तारण किया गया। स्ट्रीट लाइट संबंधी 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका भी मौके पर समाधान किया गया।
साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बैंकों द्वारा स्वीकृत 10 आवेदनों का निस्तारण कर लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
महुवा नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी राजेश मीना ने बताया कि शहरी सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।