बार-बार चेतावनी के बावजूद जारी था निर्माण, निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर की सख्त कार्रवाई
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए श्याम की सब्जी मंडी क्षेत्र में बिना निर्माण स्वीकृति बनाए जा रहे एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स पर कार्रवाई की। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और संबंधित पक्ष को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार श्याम की सब्जी मंडी क्षेत्र में रामेश्वर लाल तेली द्वारा बिना नगर निगम की स्वीकृति के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। निगम की ओर से पूर्व में कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया।
लगातार नियमों की अवहेलना किए जाने पर नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। अभियान में अतिक्रमण प्रभारी मुकेश शर्मा, एईएन सुरेश गर्ग, होमगार्ड प्रभारी जोरावर सिंह सहित निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण करना नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी भवन या व्यावसायिक निर्माण से पहले आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करें, अन्यथा अवैध निर्माण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
