पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, जिला कलक्टर के सख्त निर्देश

(महेन्द्र नागौरी)

संपर्क पोर्टल के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें, अस्पतालों में पेयजल, दवाएं व फायर सेफ्टी सुनिश्चित करने के आदेश

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी विभागों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा होगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
संधू ने पीएचईडी अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समयानुसार पेयजल आपूर्ति तथा खराब हैंडपंप और ट्यूबवेल की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में शुद्ध पेयजल, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाएं, विद्युत वायरिंग की सुरक्षा जांच और फायर सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। नगर निगम को शहर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पीएचईडी, एवीवीएनएल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।