सुवाणा-कोटड़ी सड़क बनी ‘गड्ढों का हाईवे’, बारिश ने खोली निर्माण गुणवत्ता की पोल

(महेंद्र नागौरी)

प्रधानमंत्री ई-बस इसी मार्ग से गुजर रही, लेकिन बदहाल सड़क पर जिम्मेदारों की चुप्पी; हादसों का खतरा बढ़ा

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।जिले के सुवाणा से कोटड़ी कस्बे को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बारिश के बाद बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों, उखड़ी डामर परत और जलभराव ने इस मार्ग को राहगीरों के लिए मुसीबत बना दिया है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को हर पल दुर्घटना का डर सताता है। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान हैं, जबकि रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग पर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का संचालन भी हो रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री इस सड़क से सफर करते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सुवाणा-कोटड़ी मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।