चित्तौड़गढ़, 29 जून। स्मार्ट हलचल।राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) उपशाखा चित्तौड़गढ़ ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र प्रारंभ करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, प्रमुख शासन सचिव तथा शिक्षा निदेशक (माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा) के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।उपशाखा मंत्री राजूलाल तेली ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में स्थानांतरण नीति लागू की गई है, लेकिन तृतीय श्रेणी शिक्षकों को इससे बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण नियमित रूप से नहीं खोले गए हैं, जिससे हजारों शिक्षक अपने परिवारों से दूर कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने को मजबूर हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से स्थानांतरण नहीं होने के कारण शिक्षकों को पारिवारिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अनेक शिक्षक अपने गृह जिले अथवा निकटवर्ती क्षेत्रों में सेवाएं देने के अवसर से वंचित हैं, जिससे उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है।
शिक्षक संघ ने सरकार से मांग की कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र पारदर्शी एवं न्यायसंगत स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके।
इस दौरान प्रदेश सचिव शिव कोदली, प्रदेश कोषाध्यक्ष कालूराम खटीक, जिला महामंत्री गोपेश कोदली, जिला प्रवक्ता अनिल बारेसा, भदेसर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चाष्टा, पुष्पेंद्र समदानी, सूर्यकांत तोलम्बिया, विकास वैष्णव, गोवर्धनलाल आचार्य, श्याम सिंह, फतह सिंह सोलंकी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
