वंडर सीमेंट को लगातार पांचवीं बार मिला ‘शिक्षा विभूषण’ सम्मान

राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में 11वीं बार हुआ सम्मानित

निंबाहेड़ा, 29 जून। स्मार्ट हलचल।शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं राजकीय विद्यालयों के आधारभूत विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर वंडर सीमेंट लिमिटेड को राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में प्रदेश के सर्वोच्च शिक्षा सम्मान ‘शिक्षा विभूषण’ से सम्मानित किया गया। यह लगातार पांचवीं बार है जब कंपनी को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है, जबकि अब तक कुल 11वीं बार राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से नवाजा जा चुका है।

जयपुर में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, प्रारंभिक शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक सीताराम जाट तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव (शिक्षा) राजेश कुमार यादव ने वंडर सीमेंट के महाप्रबंधक (ब्रांडिंग) प्रवीण मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिकारी (सीएसआर) राहुल व्यास को सम्मान प्रदान किया।

वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन ने बताया कि वर्ष 2025-26 में कंपनी ने शिक्षा क्षेत्र में 3.97 करोड़ रुपये व्यय कर परियोजना क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्य कराए। इनमें विद्यालयों का नवीनीकरण, नए कक्ष एवं बरामदों का निर्माण, इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर लैब, प्रार्थना स्थल, मंच, शौचालय, स्वागत द्वार तथा विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराना शामिल है।

उन्होंने बताया कि वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

समारोह में कंपनी की अनुशंसा पर शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रमोद दशोरा (एडीपीसी, चित्तौड़गढ़), महेश कुमार शर्मा, हरीश टांक, सीमा यादव तथा सुरेश कुमावत को भी प्रेरक सम्मान प्रदान किया गया।