गेणोली में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित: SDM स्वाति झा ने सुनीं समस्याएं, 5 बुजुर्गों की पेंशन हुई बहाल

ग्रामीण सेवा शिविर | प्रशासनिक राहत 2026

स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्राप्त हुए आवेदन, बाल विकास विभाग ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान; विकास अधिकारी हरिराम विजयवर्गीय भी रहे उपस्थित
विशेष रिपोर्ट: महावीर सेन (मांडलगढ़)

मांडलगढ़/गेणोली, 30 जून 2026।स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गेणोली में मंगलवार को एकदिवसीय ग्रामीण सेवा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामवासियों को दी गई, जिससे ग्रामीण स्तर पर ही लोगों के जरूरी प्रशासनिक कार्य पूरे हो सके।

पेंशन धारकों को मिली राहत, ऑन-द-स्पॉट हुआ समाधान:

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तकनीकी वजहों से बंद पड़े पांच पेंशनधारियों की पेंशन को मौके पर ही री-ओपन (बहाल) किया। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत पात्र परिवारों के आवेदन प्राप्त किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन कर विभागीय समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया गया।

एसडीएम स्वाति झा ने सुनी जन-समस्याएं:
दोपहर 12:00 बजे बाद मांडलगढ़ उपखंड अधिकारी स्वाति झा शिविर में पहुंचीं और उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मांडलगढ़ विकास अधिकारी हरिराम विजयवर्गीय, ग्राम विकास अधिकारी मुकुल ऐरन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामवासी उपस्थित रहे।