मृतक के पिता को मासिक पेंशन, बीमा एवं अन्य देय राशि भी सुनिश्चित; दोषियों पर कार्रवाई की मांग जारी
कोटा। स्मार्ट हलचल।शहर के तकिये का नयागांव निवासी 27 वर्षीय विनोद मेघवाल की निजी बिजली कंपनी KEDL की कथित लापरवाही के कारण हुई मौत के मामले में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, कोटा शहर के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने का दावा किया गया है।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, कोटा शहर के जिलाध्यक्ष अशोक मेघवाल ने बताया कि घटना के बाद संगठन ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनी के समक्ष पीड़ित परिवार की मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि एक युवा की असमय मृत्यु से परिवार पर गहरा संकट आ गया है, इसलिए संगठन ने परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने बताया कि आंदोलन और प्रशासन से लगातार वार्ता के बाद मृतक के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये का तत्काल मुआवजा स्वीकृत कराया गया है। इसके अलावा मृतक के पिता को 5 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, 6 लाख रुपये की बीमा राशि तथा लगभग 2 लाख रुपये ESA/PF के रूप में मिलने वाली देय राशि भी सुनिश्चित कराई गई है।इस दौरान शहर उपाध्यक्ष सियाराम वर्मा, कोमल कुमार, सत्येंद्र मेरोठा, शहर महासचिव महावीर रेगर, बाबूलाल मेघवाल, जसवंत रेगर, दिनेश मेरोठा, अरुण वर्मा सहित मेघवाल समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अशोक मेघवाल ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
