कांग्रेस विधि विभाग की बैठक आयोजित, संगठन विस्तार व सामाजिक सरोकारों पर हुई चर्चा

भीनमाल। स्मार्ट हलचल।शहर में बुधवार को कांग्रेस विधि विभाग की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्रवण ढाका की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए एडवोकेट श्रवण ढाका ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप पुनिया के निर्देशानुसार जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने एवं संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधि विभाग केवल कानूनी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाजहित से जुड़े जनजागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि जिलेभर में नशा मुक्ति अभियान, आमजन को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अत्याचारों के प्रति जागरूकता फैलाने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए विभिन्न कार्यक्रम एवं जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अधिवक्ताओं एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी तय करने पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक युवा अधिवक्ताओं को कांग्रेस विधि विभाग से जोड़ने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रदेश महासचिव इकबाल खान, जितेंद्र सिंह मोदरान, सुनील गोदारा, भावेश देवासी, भगराज मेघवाल, घेवर सानिधर, हरचंद मेघवाल, कमलेश बिश्नोई, कैलाश मेघवाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।