जोबनेर की तीरंदाज खुशी कुमावत का भारतीय टीम में चयन, जूनियर एशियन तीरंदाजी चैंपियनशिप और एशिया कप में दिखाएंगी दम

जोबनेर। स्मार्ट हलचल।जोबनेर की होनहार तीरंदाज खुशी कुमावत ने अपनी प्रतिभा का एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में स्थान बनाया है। भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा 26 से 29 जून तक भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई), सोनीपत (हरियाणा) में आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर राजस्थान के पांच तीरंदाजों का विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय दल में चयन किया गया है।
राजस्थान तीरंदाजी एसोसिएशन के सचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में वार्ड नंबर 1, जोबनेर निवासी खुशी कुमावत पुत्री सांवर मल कुमावत को एशियाई युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप (दुबई), कोरिया आमंत्रण तीरंदाजी प्रतियोगिता तथा एशिया कप तीरंदाजी प्रतियोगिता (चीन एवं इराक) के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
खुशी कुमावत इससे पूर्व भी 2023 में एशिया कप के लिए ताईवान में खेल चुकी है। वर्तमान में जोबनेर कृषि महाविद्यालय मैदान पर अपने पिता एवं प्रशिक्षक सांवर मल कुमावत के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है।
खुशी की इस उपलब्धि से पूरे जोबनेर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, खेल प्रेमियों, तीरंदाजी एकेडमी के सदस्यों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और देश का नाम रोशन करने की कामना की है।