मुख्य रास्ते पर पलटा पानी का टैंकर , बडा हादसा टला,बाल – बाल बचें राहगीर
पावटा,स्मार्ट हलचल।कस्बे में एक बार फिर जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते बीच सड़क पर चलते – चलते पानी का टैंकर पलट गया । जानकारी के अनुसार जलदाय विभाग के कर्मचारियों द्वारा मंगलवार देर शाम कस्बे के मोदी मन्दिर के पास मुख्य रास्ते पर पाईप लाईन को दुरस्थ करने का कार्य किया गया । कार्य पूर्ण होने के बाद जलदाय विभाग के कर्मचारी गढ्ढे को ठीक प्रकार से बन्द करने के बजाय ऊपर – ऊपर मिट्टी डालकर चले गए । सवेरे ही इस रास्ते से निकल रहा निजी पानी टैंकर मिट्टी धसने की वहज से अचानक बीच सड़क पर ही पलट गया । जिससे टैंकर के आगे पीछे चल रहे दुपहिया वाहन सवार , राहगीर एवं वहाँ खड़े लोग बाल – बाल बच गए और एक बड़ा और भयावहक हादसा टल गया । टैंकर पलटने से मुख्य रास्ता पूर्ण रूप से अवरुद्ध हो गया । जिससे दिनभर यहाँ से निकलने वाले वाहनों एवं राहगीरों को भी काफी समस्या का सामना करना पड़ा । टैंकर के पानी को खाली कर तीन से चार घण्टे की बड़ी मशक्कत के बाद उसे खड़ा कर रास्ते को खुलवाया गया । ग्रामीणों ने कहा कि जलदाय विभाग द्वारा मुख्य रास्ते पर कई जगह पक्की सड़क को खोदकर पाईप लाईन को दुरस्त करने के नाम पर गढ्ढे खोद दिए जाते हैं और फिर कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें मिट्टी डालकर छोड़ दिया जाता है जिससे इस प्रकार के बडे हादसे होने की संभावना रहती है तथा बारिश के मौसम में मुख्य रास्तों में जल भराव होने लगता है। जिसके चलते भी राहगीरों को बड़ी समस्या होती है।
