मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार में वार्ड संख्या 37 से 42 तक के नागरिकों के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से एक ही स्थान पर अनेक जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया शिविर में नगर परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ-साथ साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, विभिन्न प्रकार के पट्टे, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी एवं 69-ए योजना के पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनआधार, फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र, पेंशन, पालनहार योजना तथा राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का लाभ नागरिकों को दिया गया। आयुक्त ने बताया नगर परिषद की ओर से अभियान के नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी एवं सहायक अभियंता तरुण कुमार जैन, वरिष्ठ सहायक राजेश मीना, कनिष्ठ अभियंता रीना मीना सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी अभियान में जिम्मेदारी से आमजन के कार्यों का निस्तारण करने में अहम भूमिका निभा रहे है।
इसके अलावा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, आयोजना विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा वन विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपने-अपने प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविर के दौरान 5 पट्टे जारी किए गए, 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 2 नामांतरण, 4 प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरण, 20 स्ट्रीट लाइट संबंधी मामले, 60 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, 8 घर-घर कचरा संग्रहण, 6 पूरक पोषाहार, 1 पेंशन, 19 जनआधार, 6 विद्युत विभाग, 3 सीवरेज तथा 2 पेयजल संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आगामी शिविर 3 जुलाई (शुक्रवार) को भी नगर परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद ने वार्ड 37 से 42 के नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
