नीरज मीणा
महवा (दौसा)। स्मार्ट हलचल/महवा थाना क्षेत्र के रौत हड़िया स्थित मिस्त्री मार्केट में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को महवा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। मामूली कहासुनी के बाद हुए इस खूनी संघर्ष में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और प्रभावी जांच की सराहना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 की शाम रौत हड़िया स्थित मिस्त्री मार्केट में कई युवक एक दुकान पर डेंटिंग-पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हेमंत और मनोज कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए मनोज कुमार ने लोहे के हथौड़े से हेमंत के सिर पर लगातार 6 से 7 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल हेमंत को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता रामनिवास की रिपोर्ट पर महवा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी महवा और थाना प्रभारी महवा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ कि गंभीर अपराधों में पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार (21 वर्ष) निवासी हड़िया, थाना महवा, जिला दौसा के रूप में की है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
महवा थानाधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि हत्या जैसे गंभीर अपराध करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम का सफल खुलासा करने में महवा थाना पुलिस की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
