स्मार्ट हलचल | लाडपुरा (शिव जांगिड़)
स्मार्ट हलचल.लाडपुरा क्षेत्र में गुरुवार तड़के हुई झमाझम मानसूनी बारिश से जनजीवन को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। लगातार एक घंटे से अधिक समय तक हुई वर्षा से क्षेत्र के एनीकट, बांध और जलाशयों में पानी की अच्छी आवक दर्ज की गई, जबकि खेतों में खड़ी खरीफ फसलों को नया जीवन मिला। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।सुबह करीब तीन बजे शुरू हुई बारिश का दौर चार बजे तक तेज गति से जारी रहा, जबकि सुबह सात बजे तक रुक-रुक कर रिमझिम वर्षा होती रही। लाडपुरा सहित डामटी, खोखरा, भारिण्डा, बावड़ीखेड़ा, चित्तौड़िया, अमरतिया, फूलजी की खेड़ी, श्यामगढ़, टहला, चैनपुरिया, पदमपुरा, रामथली, खगारजी का खेड़ा, सोपुरा, गोविंदपुरा, सरिया, सारणा तथा आसपास के गांवों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के चलते लाडपुरा का एनीकट ओवरफ्लो हो गया, जहां करीब पांच इंच की पानी की चादर चलने लगी। वहीं डामटी और खोखरा बांध सहित अन्य जलाशयों में भी पानी की आवक शुरू हो गई। गांवों की गलियों और सड़कों पर वर्षा जल बहने लगा, जिससे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया।
किसानों ने बताया कि समय पर हुई बारिश से खरीफ की फसलें, जो नमी के अभाव में प्रभावित होने लगी थीं, अब बेहतर बढ़वार की उम्मीद जगा रही हैं। बारिश से कृषि कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।
टूटे एनीकट से बह रहा वर्षा जल
ग्रामीणों के अनुसार लाडपुरा चौराहा एवं भैरूजी मंदिर खाल के समीप स्थित एनीकट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में वर्षा जल व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से एनीकट की शीघ्र मरम्मत कर जल संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
