भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों से मनाया प्रदेशाध्यक्ष का जन्मदिवस, अस्पताल से गोशाला तक दिखी जनसेवा की भावना
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर -स्मार्ट हलचल।भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का जन्मदिवस गुरुवार को प्रदेशभर में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया गया। राजधानी जयपुर में भाजपा प्रदेश कार्यालय, एसएमएस अस्पताल परिसर और दुर्गापुरा स्थित गोशाला में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर गौसेवा, फल वितरण और राहगीरों को शीतल शरबत पिलाकर समाजसेवा का संदेश दिया गया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि पार्टी का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है और इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के जन्मदिवस पर जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से एसएमएस अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि मदन राठौड़ का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा का भाव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सेवा कार्यों के माध्यम से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना की गई।
इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय पर ओबीसी मोर्चा की ओर से शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत की उपस्थिति में राहगीरों को शरबत पिलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रदेशाध्यक्ष के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
वहीं राजस्थान गौ सेवा संघ, दुर्गापुरा जयपुर द्वारा संचालित गोशाला में गायों को हरा चारा, रोटी और लड्डू खिलाकर गौसेवा की गई। इस सेवा कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, भाजपा नेता प्रो. विक्रम सिंह गुर्जर सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
दिनभर चले सेवा कार्यक्रमों में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का विश्वास व्यक्त किया।
