शिव जांगिड़
लाडपुरा । स्मार्ट हलचल।राजस्थान प्राकृतिक खेती गठबंधन एवं साउथ राजस्थान सीएसओ कंसोर्टियम (SRCC) के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए करीब 20 सिविल सोसायटी ऑर्गेनाइजेशन (CSO) के प्रतिनिधियों ने मांडलगढ़ ब्लॉक के सराणा और केकड़िया गांवों का अध्ययन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन (NRM) के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया।
प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजना निर्माण, जल एवं मृदा संरक्षण, चारागाह विकास, वर्षा जल संचयन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अपनाए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी गई।
अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने चारागाह विकास कार्यों, टीजीसीएस (TGCS), चेक डैम तथा गेबियन संरचनाओं का निरीक्षण कर इनके उपयोग और प्रभाव को समझा। साथ ही समुदाय आधारित प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के सफल मॉडलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम संस्थाओं एवं परियोजना टीम ने जल संरक्षण, टिकाऊ कृषि और ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने सराणा एवं केकड़िया में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए इन्हें प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता का प्रेरणादायक मॉडल बताया।
