सदारा में ग्रामीण सेवा शिविर सफल, सैकड़ों लोगों ने उठाया सरकारी सेवाओं का लाभ

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत सदारा में जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, कार्यवाहक उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव, सहायक विकास अधिकारी चिरंजी लाल वर्मा, सत्यनारायण बेरवा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक गोविंद जैन, उपखंड कार्यालय कार्मिक विनोद सैन, ग्राम विकास अधिकारी महिमा टेलर, कनिष्ठ सहायक कविता राठौड़, राकेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 22 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर में 10 पट्टों का वितरण, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत, प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी को तृतीय एवं एक लाभार्थी को द्वितीय किस्त का भुगतान, 9 पेंशन सत्यापन, 25 जन आधार संशोधन, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 2 नए बैंक खाते, महिला अधिकारिता विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम, 32 मंगला पशु बीमा पॉलिसियां, कृषि विभाग द्वारा 37 किसानों को मूंग मिनी किट एवं 40 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।
इसके अलावा चिकित्सा विभाग ने 105 मरीजों तथा आयुर्वेद विभाग ने 60 मरीजों को उपचार एवं परामर्श दिया। विद्युत विभाग ने 2 नए बिजली कनेक्शन आवेदनों का निस्तारण किया, जबकि परिवहन विभाग ने 8 स्मार्ट कार्ड पंजीकरण किए। राजस्व विभाग ने 20 खातों का शुद्धिकरण, 5 आपसी सहमति एवं बंटवारा प्रकरण, 50 प्रधानमंत्री किसान योजना पंजीकरण, 13 नामांतरण प्रकरण, 8 सीमा ज्ञान पत्थरगढ़ी प्रकरण तथा 37 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करने सहित विभिन्न कार्यों का संपादन किया। शिविर के सफल आयोजन पर ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।