बानसूर में ट्रांसफार्मर चोरों का आतंक,हरसौरा-देवसन में दो ट्रांसफार्मर किए साफ

कुमार अंकेश

बानसूर । स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के हरसौरा और देवसन गांवों में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने दो बिजली ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर उनके अंदर से कॉपर वायर सहित कीमती सामान चोरी कर लिया। हरसौरा के माजरा अहीर में किसान इंद्र यादव शुक्रवार सुबह खेत पहुंचे तो ट्रांसफार्मर जमीन पर क्षतिग्रस्त पड़ा मिला। सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वहीं देवसन गांव में चोर सिंगल फेज ट्रांसफार्मर को खंभे से उतारकर उसके अंदर का कीमती सामान निकाल ले गए। सुबह बिजली गुल होने पर ग्रामीणों को घटना का पता चला। लगातार हो रही ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं से किसानों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।