आईएएस डॉ हर सहाय मीणा एवं सुमन मीणा ने 28वीं शादी की सालगिरह पर लगाया फलदार वृक्ष, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भरत देवड़वाल
जमवारामगढ़/स्मार्ट हलचल।आईएएस डॉ. हर सहाय मीणा एवं पंचायत समिति सदस्य सुमन मीणा ने अपनी 28वीं शादी की सालगिरह को यादगार बनाने के लिए आज देवड़वाल गोत्र की कुलदेवी चावण्ड माता मंदिर परिसर, मानोता, जमवारामगढ़ में आम, अमरूद व जामुन के फलदार पेड़ लगाए।इस अवसर पर डॉ हर सहाय मीणा ने कहा, “अपने विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए पेड़-पौधे जरूर लगाएं। पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ अभियान के तहत हम सभी को प्रकृति का संरक्षण करने और धरती माँ का कर्ज चुकाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए।”

पंचायत समिति सदस्य सुमन मीणा ने बताया, “हम प्रतिवर्ष 5 जून से 10 सितम्बर तक ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ’ अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण एवं वृक्ष वितरण करते हैं। अभियान के दौरान लोगों से आग्रह किया जाता है कि अपने विशेष दिनों को यादगार बनाने के लिए पेड़-पौधे लगाएं। इसी क्रम में हमने आज हमारी शादी की सालगिरह पर कुलदेवी चावण्ड माता, मानोता एवं कुल देवता नायल भौमिया बाबा क्यारा-झोल के दर्शन व पूजा-अर्चना कर फलदार पेड़ लगाए हैं।”

वृक्षारोपण कार्यक्रम में तहसीलदार चन्द्रसिंह डोडा, पटवारी मुकेश मीणा, शंभुदयाल डोडा, खेमचंद झोल, देवेन्द्र देवड़वाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।