1.5 करोड़ का पीतल स्क्रैप लूटकांड बेनकाब: मेवात गैंग के दो शातिर दबोचे

भीलवाड़ा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, गैंग सरगना समेत दो गिरफ्तार; हरियाणा में 2 करोड़ की लूट कबूली

भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा पुलिस ने हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाने वाली अंतरराज्यीय मेवात लूट गैंग का बड़ा पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शाहपुरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1.5 करोड़ रुपये के पीतल स्क्रैप से भरे ट्रक की लूट का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में मार्च 2026 में हरियाणा के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में करीब 2 करोड़ रुपये के पीतल स्क्रैप से भरे ट्रक की लूट करना भी स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में शाहपुरा थानाधिकारी सुरेश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों से अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ जारी है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम:-
पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को दिल्ली निवासी नितीन कुमार महाजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी श्याम ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक 3 जून को दिल्ली से 16-17 टन पीतल स्क्रैप एवं अन्य माल लेकर राजकोट-जामनगर के लिए रवाना हुआ था। 4 जून की रात शाहपुरा टोल पार करने के कुछ किलोमीटर बाद बदमाशों ने ट्रक रुकवाया, चालक के साथ मारपीट कर ट्रक लूट लिया और चालक के हाथ-पैर व मुंह बांधकर मंगलवाड़ चौराहे के पास जंगल में फेंककर फरार हो गए। मामले में शाहपुरा थाने में धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी:-
मोसिम उर्फ पोलार्ड (30) पुत्र इब्राहीम, निवासी नंगलीवाल, थाना नौगांव, जिला अलवर।
आबिद खान (31) पुत्र आस मोहम्मद मेव, निवासी हिर्वारी बावनठेरी, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह (हरियाणा), हाल गरीब नवाज कॉलोनी, राजनगर, राजसमंद।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका:-
कार्रवाई में उपनिरीक्षक बालकिशन, साइबर सेल प्रभारी आशीष कुमार (सउनि), हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल सिंह (विशेष योगदान), दीपक कुमार, किशोर सिंह (विशेष योगदान), महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल पिंटू कुमार (विशेष योगदान), साहिद तथा हेमंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना है।