अमेरिका में भारतीयों का बढ़ता प्रभाव: एमएलसी के मैदान पर दिखी गौरव भार्गव की मौजूदगी, मेयर पद की उम्मीदवार नित्या रमन ने कहा— क्रिकेट जोड़ेगा समुदायों को

✍️राकेश मीणा

लॉस एंजिलिस। स्मार्ट हलचल।अमेरिका में क्रिकेट अब केवल प्रवासी भारतीयों का खेल नहीं रह गया है, बल्कि मुख्यधारा के खेलों में अपनी मजबूत पहचान बनाने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसका ताजा उदाहरण मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) सीजन-4 के दौरान लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में देखने को मिला, जहां भारतीय मूल के उद्योगपति एवं Vayulogi के संस्थापक गौरव भार्गव विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मैच के दौरान लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल सदस्य और मेयर पद की उम्मीदवार नित्या रमन की मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।

गौरव भार्गव, जो लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के प्रमुख प्रायोजकों में शामिल हैं, मैच शुरू होने से पहले मैदान पर दोनों टीमों के कप्तानों के साथ नजर आए। उन्होंने लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के कप्तान जेसन होल्डर तथा टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस के साथ मुलाकात की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनीं।

मैच में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि अमेरिका में क्रिकेट के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। भारतीय, पाकिस्तानी, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई और कैरेबियाई समुदायों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अमेरिकी दर्शक भी स्टेडियम पहुंचे।

इस अवसर पर मेयर पद की उम्मीदवार नित्या रमन ने कहा कि क्रिकेट दुनिया का दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल है और अब लॉस एंजिलिस में भी इसकी मजबूत पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल खेल नहीं बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और समुदायों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उनके अनुसार दक्षिणी कैलिफोर्निया में क्रिकेट का विस्तार भविष्य में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को नई दिशा देगा।

नित्या रमन ने विशेष रूप से वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सदी से अधिक समय बाद क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि ओलंपिक के बाद अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता कई गुना बढ़ेगी और बड़ी संख्या में नए दर्शक इस खेल से जुड़ेंगे।

उन्होंने अमेरिकी खेल प्रेमियों से भी क्रिकेट को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि बेसबॉल और क्रिकेट में कई समानताएं हैं। यदि लोग इसके नियमों को समझ लें तो उन्हें यह खेल बेहद रोमांचक लगेगा। उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में क्रिकेट अमेरिका के प्रमुख खेलों में अपनी मजबूत जगह बना सकता है।

भारतीय मूल के उद्यमी गौरव भार्गव की सक्रिय भागीदारी इस बात का संकेत है कि अमेरिका में भारतीय समुदाय केवल व्यापार और तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स जैसे फ्रेंचाइजी के साथ उनका जुड़ाव अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

एमएलसी के लगातार बढ़ते स्तर, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी और स्थानीय दर्शकों के बढ़ते उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि क्रिकेट अब अमेरिका में स्थायी पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों में भारतीय समुदाय की सक्रिय भूमिका और गौरव भार्गव जैसे उद्यमियों का सहयोग भविष्य में अमेरिकी क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।