देशभर की महिला उद्यमियों के उत्पादों से सजी ‘उड़ान’ प्रदर्शनी, अंतिम दिन उमड़ी खरीदारों की भीड़

देशभर की महिला उद्यमियों के उत्पादों से सजी ‘उड़ान’, खरीदारों ने की जमकर खरीदारी

कोटा।स्मार्ट हलचल।जीतो लेडीज विंग द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘उड़ान एक्ज़िबिशन’ के दूसरे एवं अंतिम दिन महिला उद्यमिता का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। देश के नौ राज्यों से आई करीब 150 महिला उद्यमियों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दिनभर प्रदर्शनी में रौनक बनी रही और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को लोगों ने हाथों-हाथ लिया।
जीतो लेडीज विंग की अध्यक्ष मंजू लुंकड़ ने बताया कि प्रदर्शनी में जयपुर के हैंडलूम एवं ज्वेलरी, भीलवाड़ा के आभूषण, उदयपुर के ऑर्गेनिक मुखवास, पुणे की चंदेरी, लिनेन एवं हैंडलूम परिधान,हस्तनिर्मित बेडशीट, परफ्यूम तथा जोधपुर की साड़ियों सहित दिल्ली, पंजाब, रायपुर, गुजरात, मुंबई और मंदसौर के विशेष उत्पादों ने आगंतुकों को आकर्षित किया। मंदसौर से आए ‘छुट्टन’ ब्रांड के बच्चों के परिधानों को विशेष पसंद किया गया। वहीं एआई स्मार्ट चश्मों के स्टॉल पर दिनभर भीड़ रही। महाराष्ट्र की आर्टिफिशियल ज्वेलरी, ब्रास ज्वेलरी, मोती एवं स्टोन जड़ित ईयररिंग्स और आकर्षक नेकलेस भी महिलाओं की पहली पसंद बने।
उड़ान की कन्वीनर उषा बाफना एवं रितु जैन अजमेरा ने बताया कि अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता का मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस वर्ष लगभग 20 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए गए, जबकि अनेक महिला उद्यमियों को रियायती दरों पर स्टॉल दिए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सौरभ जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम हैं। विशिष्ट अतिथि सहायक श्रम आयुक्त समिता जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंकित जैन तथा आरएएस अधिकारी निधि कोठारी भी उपस्थित रहे।
जीतो कोटा के अध्यक्ष पंकज सेठी ने बताया कि इंदौर की समाजसेवी मधु कोठारी अपनी संस्था के माध्यम से कैंसर रोगियों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी लेकर पहुंचीं। कोटा की पूर्व महापौर डॉ. रत्ना जैन की बहन कुसुम बोर्डिया ने ‘कमली’ ब्रांड के माध्यम से आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जीतो लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजू लुंकड़, चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन, जीतो कोटा चैप्टर के चेयरमैन पंकज सेठी, आयोजन टीम की नीरा जैन, मीना जैन, वीना जैन, उषा बागरेचा, चित्रा बागरेचा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहे।