किसान कॉलोनी पहुंचे विधायक देवी सिंह शेखावत, हाईटेंशन लाइन हटाने और पेयजल समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

बानसूर। स्मार्ट हलचल।क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत ने रविवार को नगरपालिका क्षेत्र की किसान कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का निरीक्षण किया। कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा के मद्देनजर लाइन हटाने की मांग रखी। विधायक ने मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के सहायक अभियंता प्रशांत शर्मा और कनिष्ठ अभियंता शिवकुमार गोयल को तत्काल सर्वे कर एस्टीमेट तैयार करने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। दौरे के दौरान लोगों ने पेयजल संकट, पाइपलाइन लीकेज और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत भी की। इस पर विधायक ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर व्यवस्था का निरीक्षण कराया तथा पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।