ग्राम विकास अधिकारी संघ खीरी की नई कार्यकारिणी का गठन, सौरभ प्रकाश सिंह बने अध्यक्ष

सर्वसम्मति से हुआ चुनाव, अभिषेक कुमार वर्मा को जिला मंत्री की जिम्मेदारी; संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

लखीमपुर-खीरी। स्मार्ट हलचल।उत्तर प्रदेश ग्राम विकास अधिकारी संघ (एसो.) जनपद शाखा लखीमपुर-खीरी की पूर्व निर्धारित एजेंडा बैठक रविवार को विकास भवन स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा विकास विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

बैठक का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा के संबोधन से हुआ। उन्होंने संगठन की पूर्व कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। इसके बाद संरक्षक जगत पाल एवं उत्तम बंशवार ने बैठक की अध्यक्षता के लिए अनुराग पाण्डेय को सभाध्यक्ष नामित किया। सभाध्यक्ष ने नई कार्यकारिणी के गठन के लिए ब्रजेश कुमार सविता एवं योगेश वर्मा को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया। बैठक का संचालन उत्तम बंशवार ने किया।

निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सौरभ प्रकाश सिंह को अध्यक्ष, अभिषेक कुमार वर्मा को जिला मंत्री, हिमांशु बाजपेयी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सौरभ वर्मा को प्रांतीय प्रतिनिधि, दिलीप कुमार को कोषाध्यक्ष तथा आशीष कुमार को संगठन मंत्री चुना गया।

इसके अलावा राहुल राज एवं प्रियंका सिंह को उपाध्यक्ष, शशिशेखर मिश्रा एवं ललित कुमार को संयुक्त मंत्री, सुनील पंकज को ऑडिटर, श्रीमती मीतू मिश्रा को सांस्कृतिक मंत्री तथा अनिल वर्मा एवं शौर्य सक्सेना को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में संगठन के मार्गदर्शन एवं भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए सलाहकार एवं संरक्षक मंडल का भी गठन किया गया। सलाहकार/मार्गदर्शक मंडल में राजेश कुमार भार्गव, ब्रजेश कुमार सविता एवं सुरेश कुमार को शामिल किया गया, जबकि संरक्षक मंडल में उत्तम बंशवार, अनुराग पाण्डेय एवं विजय शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सौरभ प्रकाश सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा विभागीय कार्यों में समन्वय स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगा। वहीं जिला मंत्री अभिषेक कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा तथा ग्राम विकास अधिकारियों की हर समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा संगठन के हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे और नई कार्यकारिणी के गठन पर हर्ष व्यक्त किया।