खीरी पुलिस का सख्त अभियान: 496 वाहनों के चालान, 14 वाहन सीज,5.46 लाख का जुर्माना

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से खीरी पुलिस ने रविवार को जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 496 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 14 वाहनों को सीज कर कुल ₹5,46,500 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

पुलिस द्वारा ‘जन एवं सड़क सुरक्षा’ अभियान के तहत एलआरपी चौराहा, राजापुर चौराहा और संकटा देवी चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं 4 जुलाई की रात 8 बजे से 11 बजे तक फरधान, मैंगलगंज और सिसैया टोल प्लाजा पर विशेष ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ अभियान चलाया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान 14 वाहनों को सीज किया गया। इनमें 9 मोटरसाइकिल, 2 कार, 2 मैजिक वाहन और 1 ट्रक शामिल हैं।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर किए गए 496 चालानों में सबसे अधिक 341 वाहन बिना हेलमेट के पाए गए। इसके अलावा 26 ट्रिपल राइडिंग, 26 बिना सीट बेल्ट, 25 मॉडिफाइड साइलेंसर, 20 प्रेशर हॉर्न, 19 फॉल्टी नंबर प्लेट, 15 रॉन्ग साइड ड्राइविंग, 13 ओवर स्पीडिंग, 8 नो पार्किंग तथा 3 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के मामलों में कार्रवाई की गई।

खीरी पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल कानूनी बाध्यता ही नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है। जनपद में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।