भगवान जगन्नाथ रथयात्रा पर होंगे विविध धार्मिक आयोजन, डॉ. के.के. पारीक का होगा नागरिक अभिनंदन

16 जुलाई को संकीर्तन, भव्य रथयात्रा, महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन, तैयारियों में जुटा समाज

कोटा।स्मार्ट हलचल।भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के पावन पर्व पर 16 जुलाई को श्री पारीक पंचायत, कोटा के तत्वावधान में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। संकीर्तन, भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, महाआरती, नागरिक अभिनंदन एवं महाप्रसाद (स्नेहभोज) सहित विभिन्न आयोजनों होंगे।
पंचायत के प्रवक्ता राहुल पारीक ने बताया कि दोपहर 2 बजे संकीर्तन से होगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रीपुरा स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर कैथूनीपोल, लाल बुर्ज एवं सुभाष सर्किल मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। सायं 7 बजे भगवान जगन्नाथ की महाआरती संपन्न होगी।
महामंत्री अशोक पारीक ने बताया कि रात्रि 8 बजे समाज की ओर से वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. के.के. पारीक का क्लिनिकल कार्डियोलॉजिस्ट्स एंड डायबिटोलॉजिस्ट्स सोसायटी ऑफ इंडिया (CCDSI) के यूके चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त होने पर नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल समाज बल्कि कोटा शहर के लिए भी गौरव का विषय है।
पंचायत के अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा जिला सहकारी होलसेल उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के चेयरमैन हरिकृष्ण बिरला होंगे, जबकि अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में समाज के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय पुष्करलाल (दानजी वाले) को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। आयोजन को डॉ. के.के. पारीक एवं शीला पारीक का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।
कोषाध्यक्ष विनोद पारीक ने बताया कि रथयात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी रथयात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए रथ की मरम्मत, साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य तेजी से किया जा रहा है।