छात्रसंघ चुनाव जल्द घोषित करने की मांग, एनएसयूआई ने किया धरना-प्रदर्शन

चुनाव नहीं कराने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री व कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। जिला प्रतिनिधि इरफान खान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं कुलपति के नाम संबोधित ज्ञापन महाविद्यालय के प्राचार्य को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अविलंब छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने की मांग की गई।

इस अवसर पर छात्र प्रतिनिधि अंकुश आदिवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उनका कहना था कि लगातार चुनाव नहीं कराना युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास है, जिसे एनएसयूआई किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

अंकुश आदिवाल ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने शीघ्र छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं की तो एनएसयूआई पूरे प्रदेश में चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं संबंधित प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्रहितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान कुलदीप सालवी, विशाल खटीक, चेतन वैष्णव, भरत ओड़, सोनू नायक, करण बंजारा, अनिल बुनकर, रोहित ओड़, आकाश खटीक, अभिषेक धाकड़, राजेश रेगर, सुजल पटवा, खुशीराम, हिमांशु राजपूत सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे।