भीलवाड़ा पुलिस की सटीक पड़ताल लाई रंग, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मास्टरमाइंड तक पहुंची टीम; चोरी में प्रयुक्त कार भी जब्त
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सुभाषनगर थाना पुलिस ने 60 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित एक अंतरराज्यीय मास्टरमाइंड वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर भीलवाड़ा से चोरी हुई स्कॉर्पियो बाड़मेर से बरामद की गई, जबकि वारदात में प्रयुक्त अल्ट्रोज कार भी जब्त कर ली गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन एवं वृताधिकारी नेमीचंद के सुपरविजन में थाना प्रभारी कैलाश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
मामला 11 जून 2026 का है, जब आर.सी. व्यास कॉलोनी निवासी दिनेश कुम्हार ने घर के बाहर खड़ी अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक S-11 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने भीलवाड़ा से लेकर ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, जोधपुर, गुड़ा मालानी, बाड़मेर, चौहटन और धोरीमन्ना तक संदिग्ध ठिकानों पर तलाश अभियान चलाया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुजीलाल उर्फ बन्ने सिंह गुर्जर (38) निवासी महरावंड, थाना बाटोदा (सवाई माधोपुर) की पहचान हुई। इसी बीच आरोपी जयपुर के चित्रकूट थाना क्षेत्र में एक अन्य वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार मिला। भीलवाड़ा पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर जेल से लाकर पांच दिन के रिमांड पर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने भीलवाड़ा से स्कॉर्पियो चोरी करना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की स्कॉर्पियो बाड़मेर से बरामद कर ली गई, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई अल्ट्रोज कार भी जब्त कर ली गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर है, जिसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
