पारिवारिक विवाद में पिता की मौत, पुत्र पर हत्या का मामला दर्ज

नीरज मीणा

महवा/दौसा।स्मार्ट हलचल/ महवा थाना क्षेत्र के हुडला स्थित बैरवा का बास में पारिवारिक विवाद के दौरान हुए हमले में गंभीर रूप से घायल नाथूराम बैरवा की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई बाबूलाल की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार 5 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7 बजे नाथूराम बैरवा और उसके पुत्र अनिल बैरवा के बीच विवाद हो गया। बीच-बचाव के दौरान अनिल बैरवा ने कथित रूप से लोहे की बाल्टी से नाथूराम के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल महवा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
परिवादी बाबूलाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी अनिल बैरवा मानसिक रूप से अस्वस्थ है तथा उसका उपचार करौली और जयपुर में चल रहा है।
महवा थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।