सोमवार से लापता था युवक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सिंगाही खीरी। स्मार्ट हलचल।कस्बे के भूलभुलैया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की पहचान कस्बे के वार्ड संख्या-1 निवासी राजकुमार उर्फ छोटू (30) पुत्र परमेश्वर के रूप में हुई है, जो सोमवार से लापता था।जानकारी के अनुसार, अस्पताल रोड से भूलभुलैया जाने वाले मार्ग के पूर्व दिशा में स्थित एक गन्ने के खेत की दक्षिणी मेड़ पर मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। इसी दौरान नगर चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजकुमार उर्फ छोटू के रूप में की। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि राजकुमार सोमवार को घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक का विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व हुआ था।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। निघासन पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम् कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
