104 किसानों को मिली बड़ी राहत,208 बीघा से अधिक भूमि का मौके पर निस्तारण, वर्षों पुराने विवादों का हुआ समाधान
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा में राज्य सरकार के जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविर के तहत ग्राम पंचायत रहड़ में आयोजित राजस्व शिविर ने भीलवाड़ा जिले में नया कीर्तिमान स्थापित किया। राजस्व विभाग ने एक ही शिविर में 35 खातों का विभाजन कर 104 खातेदार किसानों को बड़ी राहत प्रदान की। अधिकारियों के अनुसार, एक ही शिविर में इतने अधिक खातों का विभाजन जिले में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।शिविर के दौरान 82 खसरा नंबरों की 208 बीघा से अधिक भूमि का विधिवत बंटवारा किया गया। वर्षों से लंबित चले आ रहे विभाजन प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण होने से किसानों के लंबे समय से चले आ रहे विवाद समाप्त हो गए और उन्हें तत्काल राहत मिली।
भूमि विभाजन के बाद किसानों के राजस्व अभिलेख स्पष्ट हो गए हैं, जिससे अब उन्हें नामांतरण, कृषि ऋण, फसल बीमा, भूमि प्रबंधन तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शिविर में मौजूद किसानों ने खुशी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल और राजस्व विभाग की त्वरित एवं पारदर्शी कार्यशैली की सराहना की। किसानों ने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का एक ही दिन में समाधान होने से उनके समय, धन और अनावश्यक भागदौड़—तीनों की बचत हुई है।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा के निर्देशन में हासिल हुई। इस दौरान तहसीलदार भींवराज परिहार, नायब तहसीलदार रामप्रसाद बलाई, भू-अभिलेख निरीक्षक बालकृष्ण शर्मा, पटवारी सरिता सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।
उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी किसान राजस्व कार्यों के लिए भटकने को मजबूर न हो, और रहड़ शिविर इस उद्देश्य की सफल मिसाल है।
वहीं, तहसीलदार भींवराज परिहार ने बताया कि जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन के लंबित राजस्व प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
