रायपुर में ट्रेलर से 181 पेटी अवैध शराब जब्त, 22 साल का तस्कर गिरफ्तार

नाकाबंदी के दौरान धरी गई 125 पेटी बीयर और 56 पेटी अंग्रेजी शराब, ब्यावर एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई।

अनिल कुमार

ब्यावर/स्मार्ट हलचल।रायपुर।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के कड़े रुख के बाद ब्यावर पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कमर कस ली है। रायपुर थाना पुलिस ने मंगलवार (7 जुलाई 2026) को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध शराब से भरे एक ट्रेलर को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से 125 पेटी बीयर और 56 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पीपलिया चौकी के पास बिछाया जाल
थाना प्रभारी राजूलाल सीरवी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में पुलिस टीम ने पीपलिया चौकी के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रेलर (RJ 52 GA 2513) को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। ट्रेलर के भीतर शराब और बीयर का जखीरा छिपाया गया था।

22 वर्षीय तस्कर चढ़ा हत्थे
पुलिस ने शराब और ट्रेलर को विधिवत जब्त कर पदमपुरा (साकेतनगर) निवासी 22 वर्षीय तस्कर त्रिलोक सिंह पुत्र ढुंगर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई में स.उ.नि कन्हैया लाल और कांस्टेबल सतपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।