67 लाख की ठगी में 3.50 लाख का गबन करने वाला म्यूल अकाउंट होल्डर सीकर से गिरफ्तार

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार ब्यावर साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की राशि अपने खाते में प्राप्त कर गबन करने वाले एक म्यूल अकाउंट होल्डर (Mule Account Holder) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृताधिकारी राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में साइबर थाना टीम द्वारा की गई।

67 लाख की ठगी में आरोपी के खाते में आए थे ₹3.50 लाख
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि गत 11 जून 2026 को परिवादी नरेश कुमार ने निवेश (इन्वेस्टमेंट) के नाम पर कुल 67 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने प्रकरण संख्या 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान सामने आया कि परिवादी के खाते से 3 लाख 50 हजार रुपये अभियुक्त के खाते में ट्रांसफर हुए थे, जिसे आरोपी ने चेक के माध्यम से निकाल लिया था।

सीकर का रहने वाला है आरोपी
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी करण सैनी (उम्र 22 वर्ष), पुत्र रामपाल सैनी, निवासी मेजर नगर, साबलपुरा, फतेहपुर रोड, थाना कोतवाली, जिला सीकर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

साइबर पुलिस की अपील: लालच से बचें, 1930 पर करें शिकायत
साइबर थाना ब्यावर ने आमजन से अपील की है कि अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने वाले अज्ञात व्यक्तियों, सोशल मीडिया विज्ञापनों और फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

सराहनीय भूमिका (पुलिस टीम):
कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर थाना अधिकारी भवानी सिंह, हैड कांस्टेबल लोकेश कुमार (674), हैड कांस्टेबल गंगा सोनी (332) और कांस्टेबल रामअवतार (734) शामिल रहे।