₹2000 का इनामी अंतरराज्यीय तस्कर कैलाश धाकड़ गिरफ्तार, एक साल से था फरार

अनिल कुमार

आनंदपुर कालू/ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) रतन सिंह के कड़े निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के निकट सुपरविजन में आनंदपुर कालू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे ₹2000 के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। यह शातिर अपराधी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और इसके खिलाफ धारा 173(8) जा.फौ. के तहत जांच पेंडिंग चल रही थी।

एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज था मामला
थानाधिकारी राजदीपेंद्र ने बताया कि आनंदपुर कालू थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 17/2025 में धारा 08/15, 29 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट की मदद से जाल बिछाकर आरोपी को 05 जुलाई 2026 को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी का परिचय:

नाम: कैलाश धाकड़ पुत्र लालचन्द धाकड़ (जाति – धाकड़)

पता: निवासी बरखेड़ा, पुलिस थाना मनासा, जिला नीमच (मध्य प्रदेश)

इस टीम को मिली सफलता
इस इनामी बदमाश को सलाखों के पीछे पहुंचाने में आनंदपुर कालू थाने की विशेष टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें ये अधिकारी और जवान शामिल थे:

राजदीपेंद्र (पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी) – टीम नेतृत्व, कैलाश (कांस्टेबल नंबर 471),रामकिशोर (कांस्टेबल नंबर 445), राकेश (कांस्टेबल नंबर 322)
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी कैलाश धाकड़ से उसके नेटवर्क और फरारी के दौरान उसे शरण देने वाले सहयोगियों के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई
और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।