आईपीएस आर.पी. मीणा अखिल भारतीय जनजाति विकास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

शिक्षा, सामाजिक एकता और जनजातीय विकास को नई दिशा देने का जताया संकल्प

✍️ राकेश मीणा

नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल।भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी आर.पी. मीणा को अखिल भारतीय जनजाति विकास संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। उनके चयन पर देशभर से समाज के प्रबुद्धजन, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि आर.पी. मीणा के अनुभवी, पारदर्शी और दूरदर्शी नेतृत्व में संघ शिक्षा, सामाजिक एकता, युवा सशक्तिकरण तथा जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उनके नेतृत्व से संगठन की गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आर.पी. मीणा लंबे समय से प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। शिक्षा के प्रसार, युवाओं को प्रेरित करने, सामाजिक समरसता और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। यही कारण है कि उन्हें सर्वसम्मति से संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर आर.पी. मीणा ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन, युवाओं के कौशल विकास, सामाजिक एकता और जनजातीय समाज के हितों की रक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।

उनके निर्विरोध निर्वाचन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में अखिल भारतीय जनजाति विकास संघ जनजातीय समाज के उत्थान और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की सशक्त पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।