रणवीर सिंह चौहान भवानी मंडी
भवानीमंडी,स्मार्ट हलचल / नगर पालिका भवानीमंडी परिसर में आयोजित ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ का मंगलवार को डग विधायक ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की प्रगति का जायजा लिया, उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कनिष्ठ अभियंता को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर प्रभारी देवमित्र कानूनगो ने उन्हें शिविर की प्रगति, विभिन्न पत्रावलियों के निस्तारण तथा लाभान्वित नागरिकों की जानकारी से अवगत कराया। विधायक ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कृषि भूमि पर बसी कॉलोनियों के पट्टे, धारा 69ए तथा नामांतरण के कुल 136 आवेदनों में से 92 का निस्तारण किया गया। वहीं पूर्व में जारी पट्टों के नवीनीकरण एवं पंजीयन से संबंधित सभी 16 आवेदनों का भी मौके पर समाधान कर दिया गया।
भवन निर्माण स्वीकृति के 19 आवेदनों में से 8 का निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित राशि जमा होने के बाद किया जाएगा। इसके अलावा पट्टों के पुनः जारीकरण, धारा 69क, लीज नामांतरण, उपविभाजन तथा जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण-पत्र से संबंधित 7 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसमस्याओं के तहत झूलते विद्युत तार, मीटर संबंधी शिकायतें, खराब रोड लाइट, नल कनेक्शन तथा पशुपालन विभाग से जुड़े कुल 17 प्रकरणों में से 14 का मौके पर ही समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 6 लोगों का रक्तचाप तथा 2 लोगों की शुगर की जांच भी की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय पोरवाल, राजकुमार गुप्ता, अविनाश जायसवाल, महेंद्र सिंह परिहार, राजू पारेता, पुरुषोत्तम योगी, अमजद अली, अजंहर हुसैन, अनुराग मोदी, जगदीश सोनी, उमेश चौहान, लोकेश चौहान, तूफान सिंह रामठी, विशाल जैसवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आमजन एवं नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
